हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे कजाकिस्तान एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के लिए प्रदेश के 30 आईटीआई प्रशिक्षुओं का चयन किया गया है। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सुन्नी के चार प्रशिक्षुओं का चयन हुआ है। चयनित प्रशिक्षुओं में प्रशांत कुमार वर्मा, साहिल, ऋषभ सिंह, अंकित कुमार, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ट्रेड के आकाश परमार तथा किशोर शामिल हैं।
ये प्रशिक्षु कजाकिस्तान में आधुनिक तकनीकों, औद्योगिक प्रक्रियाओं तथा कौशल विकास से संबंधित अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करेंगे। संस्थान के प्रधानाचार्य रवि कुमार ने चयनित प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन तथा प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का यह सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये प्रशिक्षु विदेश में प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपने साथियों के साथ साझा करेंगे तथा संस्थान का नाम रोशन करेंगे।
आईटीआई प्रशिक्षक हिमिंद्र शर्मा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों और कार्य संस्कृति से परिचित करवाना आवश्यक है। उन्होंने चयनित प्रशिक्षु कैलाश पटेल एवं चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
| Click to View More Photos | Click Here |